Friday, July 3, 2026

Social homeostasis

जब बुद्ध वर्षों बाद ज्ञान प्राप्त करके पहली बार कपिलवस्तु लौटे, तो उनके पिता ने बुद्ध को नहीं देखा; उन्होंने उसी पुराने सिद्धार्थ को खोजा, जिसे वे पहचानते थे। कहते हैं, उन्होंने लगभग यही कहा—"यह कैसा भेष बना लिया है? अब लौट ही आए हो, तो इसे उतार दो। मैं तुम्हें माफ़ कर दूँगा।"
यहीं से मनुष्य के मन का एक गहरा नियम सामने आता है—लोग आपके परिवर्तन का विरोध नहीं करते, वे अपनी परिचित दुनिया के टूटने का विरोध करते हैं।
सामाजिक मनोविज्ञान बताता है कि हर समूह एक अदृश्य Social Homeostasis बनाए रखता है। हर व्यक्ति के लिए एक स्वीकृत पहचान, एक अनुमानित ऊँचाई और एक सुविधाजनक भूमिका तय हो जाती है। जब तक आप उसी दायरे में रहते हैं, आपको स्वीकार किया जाता है।
लेकिन जैसे ही आपकी चेतना उस सीमा को पार करती है, प्रतिरोध शुरू हो जाता है।
Leon Festinger की Social Comparison Theory के अनुसार, आपकी प्रगति अनायास ही दूसरों के लिए आत्म-मूल्यांकन का दर्पण बन जाती है। वहीं Status Threat बताता है कि जब किसी स्थापित पदानुक्रम को चुनौती महसूस होती है, तो वह अपने बचाव में प्रतिक्रिया करता है। और Pierre Bourdieu के अनुसार, हर सामाजिक संरचना अपने पुराने शक्ति-संतुलन और सांस्कृतिक पूँजी को बचाने का प्रयास करती है। इसलिए प्रतिरोध प्रायः आपकी उपलब्धियों के विरुद्ध नहीं, बल्कि आपकी बदली हुई पहचान के विरुद्ध होता है।
यही कारण है कि छोटे सामाजिक परिवेशों में यह प्रतिरोध और तीव्र दिखाई देता है। वहाँ लोग आपके वर्तमान से कम, आपके अतीत से अधिक परिचित होते हैं। वे आपके भीतर उस व्यक्ति को खोजते रहते हैं, जिसकी उन्हें आदत थी।
शायद इसलिए विकास का सबसे विश्वसनीय संकेत प्रशंसा नहीं, बल्कि प्रतिरोध है। जब आप अपनी पुरानी "औकात" की खोल तोड़ते हैं, तो दुनिया आपको नीचे खींचने की कोशिश इसलिए नहीं करती कि आप गलत हैं; बल्कि इसलिए कि आपका बदल जाना उनकी मानसिक स्थिरता को अस्थिर कर देता है।
 लेकिन विकास की सबसे बड़ी कीमत यही है कि एक दिन आपको उन लोगों के लिए भी अपरिचित होना पड़ता है, जिन्होंने आपको सबसे पहले पहचाना था।
Avinash Pandey 

मै कुछ कहना चाहता हूँ —सुनोगे?

मै कुछ कहना चाहता हूँ - सुनोगे? 
पहले मै बातूनी था। जीभ ओवरटाइम करता था और दिमाग हड़ताल पर चला जाता था। 
फिर चुप हो गया। 
इस चुप और बातूनी के बीच हमेशा संघर्ष चलता रहता था।
एक दिन इन दोनों के बीच सुलह हो गया।
अब मैं दोनों के मध्य बैठ कर कुछ बोलना चाहता हूँ - सुनना पड़ेगा वरना मैं भी नहीं सुनूंगा।
कुछ लोगों का हमेशा मेरे से एक शिकायत रहती हैं - फोन नहीं करते, उठाते नहीं। पास बैठो तो जल्दी भाग जाते हो। पता चलता हैं कि घर में हो और मिलते नहीं? तुम पकड़ाते ही नहीं?
अब क्या बोलूं कि जब भी फोन उठाओ - आप सुनाने लगते हो अपनी कथा। जब भी पास बैठो - आपको अपनी सुनाने के अलावा दूसरे का सुनना आता नहीं। 
आखिर जब सुनने का ही ऑप्शन हैं तो बेस्ट क्यों न सुने? 
#joerogan को क्यों ना सुने, Dairy of a CEO क्यों ना सुने? 
क्यों न सुने #RottenMango को और #modernwisdompodcast को? 
तो भाई साहब हमने कोई ठेका नहीं ले रखा हैं आपके #हैलुसिनेशन और #डिसीज़_ऑफ_मी का! 
अगर आपको कुछ बोलना हैं तो सुनना भी पड़ेगा।

Thursday, June 4, 2026

Elpenor

Elpenor — वह जो ऊँचे सपने तो देखता है, पर कई बार अपनी ही असावधानी से उनसे गिर पड़ता है।
मुझे अपने जीवन में कई Elpenor याद हैं।
हर बार थोड़ा और यक़ीन से सपने बुनता हुआ, और हर बार किसी अदृश्य चूक से उन्हें खोता हुआ।
समय बीतता गया, पर भीतर एक Hiraeth बचा रहा—उस घर, उस समय, उस अपनेपन की स्मृति, जहाँ लौटना अब संभव नहीं था।
शायद इसी भटकन के बीच Acedia ने भी अपना घर बना लिया—आत्मा की वह थकान, जहाँ इच्छाएँ भी धीरे-धीरे अपनी आवाज़ खो देती हैं।
दिन बीतते रहे, पर भीतर कोई हलचल नहीं हुई।
जैसे मैं अपने ही जीवन के किनारे बैठा, उसे दूर से घटित होते हुए देख रहा था।
फिर भी सब कुछ समाप्त नहीं हुआ।
राख, समय और रिक्तताओं के नीचे कुछ Sempiternal बचा रहा—एक ऐसी लौ, जो नित्य नहीं, पर अंतहीन है; जो बुझ-बुझकर भी बनी रहती है।
उसी की क्षीण रोशनी में मैंने अपने बिखरे हुए हिस्सों को फिर से पहचाना।
और जब कई बार लगा कि अब समझौता कर लेना चाहिए, तब भीतर की Intransigence ने धीरे से सिर उठाया—वह अड़ियल जिद नहीं, बल्कि अपने सत्य से न हटने का साहस।
शायद मैं इन्हीं पाँच शब्दों के बीच कहीं खड़ा हूँ —
कुछ सपनों से गिरना,
एक खोए हुए घर को याद करना,
एक लंबे शून्य से गुजरना,
एक बुझती हुई आग को बचाए रखना,
और अंत तक अपने भीतर की रोशनी के पक्ष में खड़ा रहना।

जीवन और संगत

मनुष्य जिस संगत में अधिक समय बिताता है,
वह अनजाने में उसी जैसा होने लगता है।
पहले उसकी भाषा बदलती है,
फिर सोच,
और अंत में उसे अपने भीतर हो रहे बदलाव भी सामान्य लगने लगते हैं।
मैंने देखा है कि बुरी संगत इंसान को एक दिन में नहीं बदलती।
वह धीरे-धीरे उसकी संवेदनशीलता कम करती है।
गलत बातों पर भीतर उठने वाली बेचैनी को खत्म कर देती है।
फिर एक समय ऐसा आता है जब वही गलत चीज़ें आदत बन जाती हैं।
सबसे खतरनाक बात यह है कि इंसान को अपना पतन, पतन जैसा लगना ही बंद हो जाता है।
उसे लगता है कि यही उसका स्वभाव है।
और अब मुझे लगता है कि संगत सिर्फ लोगों की नहीं होती —
विचारों की भी होती है,
भीड़ की भी,
और उस वातावरण की भी,
जहाँ सत्य से अधिक सुविधा को महत्व दिया जाता है।
Avinash Pandey 

कुछ रातें

Pain of Discipline or pain of Regret

डियर युवा, जीवन में आपको दो तरह के दर्द में से किसी एक दर्द का चुनाव करने पड़ेंगे।   एक अनुशासन ( Discipline) का दर्द और दूसरा पछतावा( Regret ) वाली दर्द।
अनुशासन वाली दर्द लिमिटेड होगी और दिन पर दिन कम होती जाएगी पर ये पछतावा वाली दर्द इसके उल्टा दिन पर दिन बढ़ते जाएगी। 
तय आपको करना है कि कौन सा दर्द आप चुनेंगे।

Friday, January 30, 2026

सोशल मीडिया के ब्रांड

सोशल मीडिया में हर व्यक्ति एक ब्रांड है—
ख़ुद से अलग दिखने की हड़बड़ी में
धीरे-धीरे एक जैसा होता हुआ।
बाहरी रूप ही सत्य है,
अंदर झाँकना अब अप्रासंगिक है।

हम शब्दों के ज़रिये मौजूद हैं,
तस्वीरों के ज़रिये तय किए जाते हैं।
हमारी तस्वीरें हमारी होकर भी
हमसे अलग बोलती हैं।

हम अति-संपर्क के समाज में जी रहे हैं।
संवाद अब ज़रूरत नहीं, एक आदत है—
और आदत अक्सर सोच को खा जाती है।
दिखना ज़्यादा ज़रूरी है,
देखना लगभग ग़ायब हैं। 

हम रिश्तों के विस्तार के भ्रम में हैं,
जबकि हर कोई अपने छोटे से कुएँ में खड़ा है—
नदी होने का भ्रम पाले।
वही चेहरे, वही आवाज़ें,
उन्हीं को सच मान लेने की सुविधा।

हम लगातार रौंदे जाते हैं,
फिर खड़े हो जाते हैं—
यह जाने बिना
कि हर बार कुछ कम बचता है।
ऑफ़लाइन होकर भी
हम भीतर से ऑनलाइन रहते हैं।

यह टापुओं की दुनिया है,
जहाँ हम अपने जैसे लोगों में
सबसे सुरक्षित महसूस करते हैं।
यहीं सियासी जलदस्यु जन्म लेते हैं,
और हम अनजाने में
उनकी भीड़ बन जाते हैं।

युद्ध कोई नई बात नहीं –
युद्ध चल रहा है। युद्ध होगा। 
युद्ध पहले भी हुए थे।
लेकिन युद्ध के नाम पर 
दिमाग़ को थकाना 
संवेदनाओं को कुंद करना ये चालबाजी हैं– जो आनलाइन दुनिया में चलचित्र की भांति चल रहा हैं। 
सवाल यही है—
क्या हम सचमुच एक दूसरे से जुड़े हैं,
या बस ज़्यादा अकेले?
क्या यह जागरूकता है,
या अंध-श्रद्धा का नया संस्करण?
और सबसे असहज प्रश्न—
कहीं हम वही तो नहीं दोहरा रहे
जो हमें पहले से आता है– तमाशे देखना और ताली बजाना?

ऐंकरिंग इफेक्ट्स

मैच शुरू होने से पहले रोनाल्डो का वह ऊँचा जंप।
माइकल फेल्प्स का पानी में उतरने से पहले किया गया रिवर्स फ्लैप।
मुहम्मद अली की आवाज़— “I am the greatest.”
और उसेन बोल्ट का लाइटनिंग पोज़।
ये शो ऑफ नहीं हैं।
ये मानसिक स्टार्ट बटन हैं।
इसे कहते हैं — Anchoring Effect।
सुपर एथलीट्स जानते हैं कि दिमाग को हर बार मोटिवेट नहीं किया जाता, उसे प्रोग्राम किया जाता है।
क्लासिक कंडीशनिंग पर हुए प्रयोग बताते हैं कि जब आप किसी खास भावना को बार-बार किसी खास ट्रिगर से जोड़ते हैं, तो कुछ समय बाद वह ट्रिगर अकेले ही वही भावना जगा देता है।
जैसे स्विच ऑन करते ही लाइट जलती है।
माइकल फेल्प्स कहते हैं — रिवर्स फ्लैप के बाद सब कुछ ऑटोमैटिक हो जाता है।
मतलब?
रिचुअल खत्म, मशीन शुरू।
आप भी अपना “सक्सेस स्विच” बना सकते हैं — सिर्फ 3 स्टेप में:
1. Choose your emotion
कौन सी फीलिंग चाहिए? कॉन्फिडेंस? फोकस? आक्रामक ऊर्जा?
2. Choose your trigger
कोई पोज़, कोई शब्द, कोई गाना, कोई खास हैंड जेस्चर।
3. Practice Emotion + Trigger
बार-बार उसी भावना को उसी ट्रिगर के साथ जोड़िए।
दिमाग इसे लिंक कर लेगा।
फिर एक दिन —
स्टेज पर जाने से पहले, पढ़ाई करने से पहले, एक्सरसाइज करने से पहले, इंटरव्यू से पहले, मैच से पहले —
आप ट्रिगर करेंगे…
और अंदर से वही पावर अपने आप उठेगी।
क्योंकि चैंपियंस इंतज़ार नहीं करते कि मूड आए।
वे अपना मूड बनाते हैं।
Avinash Pandey

एंटरटेनमेंट एंटरटेनमेंट एंड एंटरटेनमेंट

भारत का आदमी एंटरटेनमेंट चाहता है !
उसे डेवलपमेंट से मतलब नहीं है ! 
चाहे वह बाहरी डेवलपमेंट हो या भीतरी !
उसकी इंद्रियां रस चाहती हैं - उत्तेजक, रोमांचक रस ! विशेषकर मानसिक रस !
जैसे कुत्ता दिनभर बैठा हड्डी चबाता है, वैसे ही भारत का आदमी घंटों बैठा एंटरटेनमेंट चबाता है !!

वह न्यूज़ चबाता है, टेलीविज़न सीरियल चबाता है ! वेब सीरीज चबाता है ! रील्स चबाता है.
वर्चुअल गेम्स और पोर्न चबाता है !
कुछ नहीं है तो वह गुटखा, पान, सुपारी चबाता है !
स्वाभाविक है, जो चबाता है वह थूकता भी है !
तो जिस तरह वह जगह-जगह गुटखा और पान थूकता है, उसी तरह वह हर जगह अपने चबाए विचार भी थूकता है !!
धर्म चबा लिया.. तो धर्म थूकता है !  
ज्ञान चबा लिया..तो ज्ञान थूकता है !
विचारधारा चबा ली.. तो विचारधारा थूकता है !

ख्याल रहे, थूकी वही चीज जाती है जो गुटकी नहीं जाती !!!
हम भोजन नहीं थूकते क्योंकि भोजन गुटक लिया जाता है ! भोजन पचा लिया जाता है !
पचा लेने से पोषण मिलता है, जो अंग लगता है!

हम लोग धर्म नहीं गुटकते, ज्ञान नहीं गुटकते !!
अगर गुटकते, तो वह पचता ! पचता तो अंग लगता, यानी चेतना को लगता !
किंतु चेतना का कोई पोषण तो कहीं दिखता नहीं ! वरना इतनी हिंसा, इतनी मारकाट, इतना वैमनस्य नही दिखता ! 
और दिमाग़ों में इतना जहर नहीं दिखता !!
हम धर्म को सिर्फ चबाते हैं, गुटकते नही !
ज्ञान को सिर्फ चबाते हैं, फिर थूक देते हैं, गुटकते नहीं!
इसीलिए हमारी चेतना को कोई पोषण नहीं मिलता !

हमें सिर्फ स्वाद से मतलब है, पोषण से नहीं !
हमें 'मज़ा' से मतलब है, 'ग़िज़ा' से नही !!

हमारी इस आदत को सभी "उच्च धूर्त" भली तरह जानते हैं ! फिर वह धर्मगुरु हो, कि नेता हो, कि न्यूज़ चैनल !
इसीलिए न्यूज़ चैनल, न्यूज़ नहीं दिखाते, वह एंटरटेनमेंट दिखाते हैं ! 

भारत में वही आदमी सफल है जो भारतीयों की इस चबाने की आदत को जानता हो !
यहां वही नेता सफल है जो उसे चबाने के लिए एंटरटेनमेंट दे !
वही धर्मगुरु सफल है जिसके आश्रम में ""एंटरटेनमेंट"" मौजूद हो !
..वही फिल्म सफल है जिसमें एंटरटेनमेंट हो !

गुजरे पल की वो चमक

फोटो पुरानी हैं।
अब चेहरा उतना नहीं चमकता। भोलेपन की वे महीन लकीरें, जो कभी आंखों के किनारों पर खेलती थीं, धीरे-धीरे धुंधली पड़ गई हैं। हर पल आंखों में नाचने वाला वह ख्वाबी, शायराना मौसम—और थोड़ी-सी बदमाशियां—बर्फ की तरह पिघल कर कहीं बह गई हैं।
अब भरोसा जल्दी नहीं होता। संबंधों की लंबाई-चौड़ाई, उनका विस्तार—सब कुछ किसी अधूरी रेखा जैसा लगता है। 
कुछ पुराने लोग विदा हो चुके हैं, कुछ से दिल का रास्ता ही नहीं मिलता, और कुछ को गले लगाने का मन नहीं करता।
जिंदगी का आधे से अधिक हिस्सा पीछे छूट चुका है। जो शेष है, उसके लिए मौन अधिक समझदारी लगता है। 
कभी “नियति” शब्द सुनकर भीतर की आधुनिकता हंस देती थी—अब उसी शब्द में एक ठहरा हुआ विश्वास बस गया है।
रेगिस्तान की एक कहावत है—उजाले जरूरत से ज्यादा हों तो आंखें अंधी हो जाती हैं। शायद मेरे हिस्से में भी कभी रोशनी अधिक थी। अंधेरा भी होता है—इसका गुमान नहीं था।
पहाड़ों में लोग कहते हैं—अंधेरे की चोट मनुष्य को बिखेर देती है।
अब समझ में आता है—बिखरना ही शायद क्रम है। फिर खुद को समेटना, खामोशियों में बैठ कर अपनी किरचों को जोड़ना—और यह सिलसिला उम्र भर चलता रहता है।
बिखरने और समेटने के बीच एक ठहराव आता है।
और हर ठहराव के बाद हम थोड़ा-सा कहीं छूट जाते हैं।
यूँ ही ठहरते, बढ़ते, यादों को बटोरते, आंखों में अपने ही अक्स लिए—
एक दिन यात्रा चुपचाप समाप्त हो जाती है।
हमेशा के लिए।
Avinash Pandey